कदौरा। अब आप घर बैठे बिजली बिल जमा कर सकते हैं। जागरूकता के अभाव में लोग अभी भी लाइन लगाते हैं। उपभोक्ता को ऑनलाइन बिल जमा करने के लिए विभाग ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। बिल भुगतान के लिए अब बिजली कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
बिजली विभाग ने लोगों को सुरक्षित तरीके से भुगतान की जानकारी दी। बताया गया कि देय तिथि से पहले डिजिटल भुगतान करने पर उपभोक्ताओं को छूट दी जाएगी। इससे कनेक्शन कटने से होने वाली कठिनाइयों से भी बचा जा सकेगा। बिना रुकावट उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति मिलेगी।
ऑनलाइन भुगतान के लिए उपभोक्ताओं को विभाग की वेबसाइट पर जाना होगा। इसके अलावा विभाग ने ऐप के जरिए भी बिल जमा करने की सुविधा दी है। उपखंड अधिकारी राजेश पटेल ने बताया कि डिजिटल भुगतान के लिए बिल वेबसाइट के साथ पेटीएम, ई निवारण, यूपीपीसीएल, स्मार्ट कंजूमर, गूगल पे, भीम एप, क्रेडिट, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग के माध्यम से जमा किया जा सकेगा
विभाग ने भुगतान के लिए ऑनलाइन बिल जमा करने के साथ ही अन्य सुविधाएं भी दी हैं। विभाग की वेबसाइट पर उपभोक्ता बिल जमा करने के साथ मीटर और ट्रांसफार्मर में खराबी, तार चोरी और आपूर्ति सहित अन्य किसी भी प्रकार की शिकायत भी दर्ज कर सकेंगे। इसके साथ ही कितनी बिजली का उपयोग किया गया है। इसकी भी जानकारी मिल जाएगी।