कुठौंद। थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त की पोल खोलते हुए चोरों ने एक किराएये के मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली। वारदात के दौरान पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
कस्बे में स्थित बाइक एजेंसी के पास स्थित गली में रहने वाले अखिलेश कुमार छह अप्रैल की शाम करीब साढ़े सात बजे घर में ताला लगाकर किरवाहा रामपुरा में त्रयोदशी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात होने के कारण वह वापस नहीं लौट सके। इसी बीच सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
अगली सुबह लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। अंदर कमरे की अलमारी उखड़ी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। यहां तक कि कपड़ों को भी नुकसान पहुंचाया गया था।
पीड़ित के अनुसार चोर दो मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, दो जोड़ी पायल, एक जोड़ी बच्ची की पायल, करीब 40 ग्राम सोने की चूड़ियां, चार चांदी के सिक्के, 10 ग्राम के कान के झाले और लगभग 50 हजार रुपये नकद ले गए। कुल नुकसान लाखों रुपये में बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में पुलिस की मौजूदगी नाममात्र रह गई है। जिससे चोर बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी जगदंबा प्रसाद का कहना है कि जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़कर खुलासा किया जाएगा।