कोंच। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शादी के महज 22 दिन बाद नवविवाहिता प्रेमी के साथ चली गई। नवविवाहिता की मां ने पुलिस को तहरीर देकर गांव के ही एक युवक पर अपनी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। साथ ही घर में रखी नकदी और ससुराल पक्ष के जेवरात भी ले जाने की बात कही गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए शिकायती पत्र में विवाहिता की मां ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी 25 मई को जालौन क्षेत्र में सामाजिक रीति-रिवाज के साथ कराई थी। शादी के बाद चौथी की रस्म के चलते बेटी मायके आई हुई थी। बताया गया कि 16 जून को दोपहर करीब 12 बजे नवविवाहिता एक सहेली के साथ शादी समारोह में पहनने के लिए कपड़े और जेवर लेने की बात कहकर घर से निकली थी। देर शाम तक नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि गांव का ही एक युवक जीजा के साथ उसे बहला-फुसलाकर ले गया है।
आरोप है कि नवविवाहिता के घर से जाने के बाद 62 हजार 500 रुपये की नकदी और ससुराल पक्ष के जेवर भी गायब मिले। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। तलाश की जा रही है और जल्द बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।