रामपुरा। मायके में रह रही नवविवाहिता का शव शुक्रवार सुबह घर के पास बने कुएं में पड़ा मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस व दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की सहायता से शव बाहर निकलवाकर जांच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम को भेजा। थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह पता चलेगी।
रामपुरा कस्बे के वार्ड नंबर 11 मिलन केंद्र के पास रहने वाले रमेश वर्मा की 21 वर्षीय पुत्री सोना का शव शुक्रवार सुबह घर के पास बने कुएं में पड़ा मिला। शव कुएं में पड़ा देखकर मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। सूचना पाकर सीओ संजय शर्मा पुलिस व दमकल कर्मियों के साथ पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद शव कुएं से बाहर निकलवाया। पूछताछ में पिता रमेश ने बताया कि उसकी छह संतानों में सोना दूसरे नंबर की थी। 4 फरवरी को उसने सोना का विवाह ऊमरी निवासी मुन्ना से किया था। इस समय बेटी और दामाद उसके पास ही रह रहे थे। सोना गुरुवार शाम घर से लापता हो गई थी। हम लोग रातभर खोज करते रहे। सुबह कुएं के पास उसकी चप्पल पड़ी मिलने पर कुएं में झांककर देखा तो शव पड़ा दिखा। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। सोना ने आत्महत्या क्यों की इसकी वजह जानने की कोशिश की जा रही है।
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस- फोटो : ORAI