फोटो - 17 मृतका रोहिणी की फाइल फोटो।
आटा। थाना क्षेत्र के करमेर गांव में बृहस्पतिवार सुबह एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में रस्सी के सहारे लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के करमेर गांव निवासी अजय राजपूत की पत्नी रोहिणी (22) का शव सुबह कमरे में लटका मिलने की सूचना पर थाना प्रभारी आटा अजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जैसारी कला निवासी चचेरे भाई अमित ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे उसके बहनोई अजय का फोन आया और बताया गया कि रोहिणी की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग करमेर पहुंचे। अमित के अनुसार जब वह मौके पर पहुंचे तो कमरे की कुंडी बाहर से लगी हुई थी और पुलिस पहले से मौजूद थी।
अमित ने आरोप लगाया कि जिस रस्सी से शव लटका था वह बीच से कटी हुई थी। साथ ही रोहिणी के मुंह पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे थे, जिससे पिटाई की आशंका जताई जा रही है। उनका कहना है कि शव पूरी तरह अकड़ा हुआ था। इन परिस्थितियों को देखते हुए मायके पक्ष ने इसे हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार रोहिणी की शादी 11 जुलाई 2024 को करमेर गांव निवासी अजय राजपूत के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल पक्ष उसे मायके नहीं भेजता था। परिवार में 26 मई को चाचा के बेटे की शादी थी, लेकिन तब भी उसे मायके नहीं आने दिया गया।
घटना के बाद पति अजय, ससुर महेश उर्फ कल्लू, सास चंदी देवी, पिता चरण सिंह, बहनें रूबी व दीप कुमारी तथा भाई रीतेश का रो-रोकर बुरा हाल बना रहा। थाना प्रभारी का कहना है कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। जांच की जा रही है। मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।