उरई (जालौन)। प्रशासनिक अधिकारियों व ईओ ने शनिवार को जिला परिषद के समीप रिसोर्ट हाल मैरिज के बाहर बने कमरे को जेसीबी से तुड़वाया। इसके साथ ही संचालक को चेतावनी दी कि यदि दोबारा निर्माण कराया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। नजूल की जमीन पर निर्माण कराया गया था। सिटी मजिस्ट्रेट अनिल कुमार मिश्रा के साथ नगर पालिका ईओ रविंद्र कुमार पुलिस फोर्स के साथ वहां पहुंचे। राजपाल रिसोर्ट संचालक से नजूल की जमीन पर बनाए गए अवैध कमरे के बाबत जानकारी ली। संतोषजनक जवाब न देने पर अफसरों ने जेसीबी से गिरवाया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ने संचालक को हिदायत भी दी कि वे दोबारा अवैध रूप से निर्माण न कराएं। यदि इस तरह का मामला सामने आता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इधर, सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि कई बार रिसोर्ट मैरिज हाल संचालक को नियमों को ताक पर रखकर बाहर बनाए गए अवैध निर्माण को लेकर चेतावनी दी गई, लेकिन संचालक ने आदेश को दरकिनार किया।
-
बिना नोटिस के ढहा दिया कमरा
उरई। प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से की गई कार्रवाई से राजपाल रिसोर्ट संचालक आहत हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बिना नोटिस के कमरे को ढहा दिया गया।