संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। उरई स्टेशन यार्ड निर्माण में हो रही गड़बड़ी के मामले में सांसद भानुप्रताप वर्मा के कड़े रुख के बाद कार्यदायी संस्था रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के अधिकारी ड्राइंग लेकर बुधवार को सर्किट हाउस पहुंचे। ड्राइंग देखकर सांसद बोले, ड्राइंग किसने फाइनल की है, जब इतनी आबादी परेशान है। रेलवे अपनी जगह क्यों छोड़ रही है। इसका जवाब अधिकारी नहीं दे पाए। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि काम कब तक पूरा हो जाएगा, इस पर अधिकारियों ने मार्च तक यार्ड का काम पूरा होने की बात कही।
आरवीएनएल के सीनियर सेक्शन इंजीनियर नितेश कुमार और सिविल एक्सपर्ट जिनेंद्र सिंह ने ड्राइंग दिखाकर सांसद को समझाना चाहा कि वह नाला निकाल रहे है। सांसद ने कहा कि जलभराव का विकल्प क्या है। इस पर इंजीनियर बोले वह अपने सीनियर अधिकारियों से बात करेंगे। सांसद ने आरवीएनएल के प्रोजेक्टर डायरेक्टर प्रियांक गुप्ता से फोन पर कहा कि कोशिश की जाए कि रेलवे के परिक्षेत्र में अवैध कब्जा न होने पाए। तालाब की जगह भी भराव करा दिया जाए। उन्होंने इस बात को लेकर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि यार्ड में मिट्टी के भराव में गड़बड़ी हो रही है। इसे तत्काल रोका जाए। कूड़ा करकट की जगह पर अच्छी क्वालिटी की मिट्टी डाली जाए ताकि प्लेटफार्म और बाउंड्रीवाल न चटकने पाए। मोहल्ला इंदिरानगर और तुफैलपुरवा के बाशिंदों को दिक्कत हुई तो वे इस मामले को रेल मंत्री के सामने रखेंगे। इस दौरान पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा भी मौजूद रहे। हालांकि रेलवे का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद नहीं था।
ओवरब्रिज की समस्या दूर करने के निर्देश
ड्राइंग देखकर सांसद ने कहा कि यार्ड के दौरान ओवरब्रिज की निकासी बाहरी क्षेत्र में होना चाहिए ताकि आम लोग रेलवे प्लेटफार्म में न दाखिल हो सके। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज के मालगोदाम यार्ड में जो निकासी की योजना है, उसे रोककर सीधा निकास बनाया जाए।
पंपिग सेट न चलने पर जताई नाराजगी
सांसद ने अधिकारियों से इस बात को लेकर नाराजगी जाहिर की यार्ड में काम के दौरान जलनिकासी बंद होने से लोगों के घरों में पानी भर रहा है। उन्होंने खुद देखा है कि पंपिंग सेट नहीं चलाया जा रहा है। जल निकासी के पुख्ता इंतजाम किए जाए।
दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन चलाने को प्रयासरत
सांसद ने अमर उजाला से कहा कि वह झांसी कानपुर रेलवे ट्रैक से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन संचालित कराने के लिए प्रयासरत है। दोहरीकरण के बाद झांसी कानपुर के बीच मेमो, रिवर्स इंटरसिटी और दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन चलाने के लिए रेल मंत्री से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि वह कानपुर श्रम शक्ति को उरई होते हुए झांसी से संचालित करने के एक बार कोशिश कर चुके हैं।