कालपी। पृथ्वी दिवस पर शुक्रवार को 1001 अमृत सरोवर जल संरक्षण की महत्वपूर्ण योजना का शुभारंभ ग्राम सभा कीरतपुर के ग्राम मदारपुर स्थित प्राचीन कालीन व्यास गंगा (नून नदी) में किया गया। जीर्णोद्धार का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा एवं डीएम प्रियंका निरंजन ने खोदाई कराकर किया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित केंद्रीय मंत्री भानु प्रताप वर्मा ने कहा यह योजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। डीएम के प्रयास से नून नदी का जीर्णोद्धार हुआ। जिसका उल्लेख देश के प्रधानमंत्री ने मन की बात में भी किया था। इसी कारण जनपद की डीएम प्रियंका निरंजन को जल संरक्षण के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दिया जा चुका है। क्षेत्र की जनता से अपील करते हैं कि पानी का संरक्षण जरूरी है। बिना पानी सब सून है। डीएम ने व्यास गंगा जो वर्तमान में सूख गई है को पुन: जीवित करने फिर से खोदाई शुरू करा दी है। इस नदी में पानी आने से हजारों ग्रामीणों तथा पशु पक्षियों को जीवन मिल सकता है।
-----------
छोटा बांध बनाकर रोका जाएगा पानी
डीएम ने घोषणा करते हुए कहा व्यास क्षेत्र के आसपास सिंचाई विभाग द्वारा ऐसा निर्माण कराया जाएगा। जिससे ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहर व्यास मंदिर की सुरक्षा हो सके तथा एक छोटा बांध बनाया जाएगा। ताकि पानी को रोककर उसका उपयोग लोग कर सकें। व्यास मंदिर के दर्शन करने आने जाने वालों के लिए पेयजल की भी उत्तम व्यवस्था कराने का निर्णय लेते हुए वाटर पंप बनवाने का निर्णय लिया गया है। पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन ने भी ग्राम सभा कीरतपुर मे हुये कार्यों की सराहना करते हुये संबोधित किया। कार्यक्रम के संयोजक ग्राम प्रधान कीरतपुर पवन दीप निषाद, उपायुक्त मनरेगा अवधेश दीक्षित, परियोजना निदेशक डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, डीडीओ सुभाषचन्द्र त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
---------------------------
नागरिक सेवा अवश्य करें
कालपी। कालपी कॉलेज में प्राचार्य डॉ. सुधा गुप्ता की अध्यक्षता में राष्ट्रीय नागरिक सेवा दिवस के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नागरिक सेवा का महत्व बताते हुए उसे अपनाने का संदेश दिया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. गुप्ता गुप्ता ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में राष्ट्रीय नागरिक सेवा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राष्ट्र एवं नागरिकों की सेवा करना प्रत्येक व्यक्ति का धर्म है। इसके लिए सभी को जागरूक रहने की जरूरत है। कार्यक्रम में डीपी से सिंह डॉक्टर सोम चौहान डॉ. मधु प्रभा त्रिपाठी, गजेंद्र सिंह, डॉ. पंकज द्विवेदी, अनामिका, रुखसार, अर्चना आदि छात्राएं मौजूद रहीं। (संवाद)