उरई (जालौन)। बाइक से उरई आ रहे युवकाें की बाइक में पीछे से आ रहे तेजरफ्तार ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार सड़क पर गिर पडे़ और एक युवक के ऊपर से ट्रक का पहिया निकल गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए डाक्टर ने मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया। हादसे के वक्त दोनाें युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था।
थाना व कसबा एट निवासी सुनील कुमार (33) पुत्र मातादीन अपने साथी दीपू (22) के साथ बुधवार की रात करीब नौ बजे उरई बाइक से आ रहे थे। जब उनकी बाइक हाईवे स्थित सोमई व गिरथान गांव के बीच पहुंची। तभी पीछे से आ रहे तेजरफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनाें युवक सड़क पर गिर गए और सुनील के ऊपर से ट्रक का पहिया निकल गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि दीपू गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भेजवाया जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए डाक्टर ने मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया।
युवक की मौत की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। एक अन्य हादसे में दो अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। कालपी कोतवाली के गांव उरकरा निवासी पृथ्वीराज (50) अपने गांव के ही गब्बड़ (55) के साथ गुरुवार को दोपहर करीब दो बजे बाइक से न्यामतपुर जा रहे थे। रास्ते में सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। इससे दोनाें अधेड़ घायल हो गया। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।