ग्रामीणों से जानकारी लेते तहसीलदार
- फोटो : ORAI
कुठौंद। क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के लिए बैनामा से अधिक भूमि अधिग्रहीत करने की शिकायत पर शनिवार को तहसीलदार प्रशासनिक टीम के साथ जांच को पहुंचे और उन्होंने किसानों की जमीन की नापजोख की। उन्होंने आश्वासन दिया कि जितनी जमीन का बैनामा हुआ है उतनी ही जमीन अधिग्रहीत की जाएगी।
बता दें कि अभी कुछ दिनों पूर्व ग्राम गोरा राठौर के किसानों ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी कि एक्सप्रेस वे की जमीन के बैनामा के अनुरूप यूपीडा कंपनी द्वारा किसानों से जितनी जमीन खरीदी गई है, वह उससे अधिक जमीन अधिग्रहीत कर रहे है। मामले को गंभीरता से लेकर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को मौके पर जाकर नाप जोख करने के निर्देश दिए थे। निर्देश के बाद शनिवार को तहसीलदार बलराम गुप्ता, कानूनगो दुर्गा प्रसाद, लेखपाल रोहित सिंह, सहायक प्रवक्ता रोहित कुमार शुक्ला, यूपीडा के दिनेश कुमार, फूल सिंह आदि ग्राम गोरा राठौर पहुंचे और शिकायत करने वाले किसानों से बात की।
किसान पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि उसने 9 बीघा जमीन का बैनामा किया, पर कंपनी ने 11 बीघा जमीन अधिग्रहीत कर ली है। वहीं गांव के ही रूप सिंह पुत्र धनीराम, ब्रह्मा सिंह पुत्र मुहूर्त सिंह, उत्तम सिंह पुत्र सुख सिंह, सुरेंद्र सिंह पुत्र बब्बू सिंह, रविंद्र सिंह पुत्र योगेंद्र सिंह, मलखान सिंह पुत्र नरेंद्र सिंह, पृथ्वीराज सिंह, फूल सिंह, ओंकार सिंह, अतर सिंह पुत्र फूल सिंह आदि किसानों का कहना है कि एक्सप्रेस वे में कंपनी ने उनकी जमीन का अधिग्रहण बैनामा से अधिक कर लिया है। तहसीलदार का कहना है कि उन्होंने किसानों से बातचीत कर नापजोख कर ली है, वह जल्दी ही अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को देंगे।