उरई। नदीगांव ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम कुठौंदा में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। एक सप्ताह में बंदरों के हमलों में 24 से अधिक ग्रामीण घायल हो चुके हैं, जिससे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वन विभाग से जल्द कार्रवाई कर कटखने बंदरों को पकड़वाने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार बंदरों के हमले में अंगूरी देवी पत्नी राजेंद्र मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया। इसके अलावा निखिल श्रीवास्तव, सुशांत कुशवाहा, विनोद उपाध्याय, सक्षम श्रीवास्तव, अरविंद तिगुनायक, रामकिशोर, सुशीला देवी, बैकुंठी देवी, भारत, जगदीश, दर्शन, वीरेंद्र बाथम, केशकांत तिगुनायक, मलखान सिंह, राजेश तिगुनायक, पीटर दुबे, प्रमोद तिवारी सहित कई ग्रामीण बंदरों के हमले का शिकार हो चुके हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों के झुंड राहगीरों, महिलाओं और बच्चों पर अचानक हमला कर देते हैं। हालात ऐसे हैं कि लोग बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी डर रहे हैं। (संवाद)