कोंच। कस्बे में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात यह हैं कि अब लोगों के लिए घर की छतों से लेकर कस्बे के सार्वजनिक स्थल भी अब खतरे से खाली नहीं रह गए। रविवार को कैलिया बस स्टैंड के पास सरोजनी नायडू पार्क जाने वाले रास्ते पर बंदरों ने दो युवकों पर अचानक हमला बोल दिया।
आराजी लेन निवासी गोलू और भगत सिंह नगर निवासी शादाब रास्ते में बैठे थे। तभी बंदरों ने उन पर हमला कर दिया। दोनों युवक जान बचाने के लिए दौड़े, लेकिन बंदरों ने पीछा कर उन्हें काट लिया। युवकों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह उन्हें बंदरों से बचाया। घायल दोनों युवकों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत है। लोगों का कहना है कि कस्बे में बंदरों की बढ़ती संख्या के बावजूद जिम्मेदार विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। ऐसे में लोगों को हर समय हमले का डर बना रहता है। (संवाद)