बिना टिनशेड का खुला पड़ा चबूतरा।
- फोटो : बिना टिनशेड का खुला पड़ा चबूतरा।
कोंच। वैसे तो कोंच तहसील के अधिकांश गांव में श्मशान घाटों की हालत खराब है, लेकिन तहसील मुख्यालय व नगर पालिका क्षेत्र का ही मोक्षधाम अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। नगर के नई बस्ती इलाके में बना मोक्ष धाम में न बैठने के लिए कुर्सियां है न शव जलाने के लिए सुरक्षित स्थान। हैंडपंप भी महीनों से खराब पड़ा है। बैठने के लिए डाली गई कुर्सियों भी टूटी पड़ी है। बारिश में श्मशान घाट की बाउंड्रीवॉल भी भरभरा गिर गई।
वैसे कोंच के चारों नाकों पर चार मुख्य श्मशान घाट है लेकिन सबसे खराब हालत नई बस्ती वाले मोक्ष धाम की हैं। शव जलाने के लिए बनाए गए पक्के व टिनशेड चबूतरे क्षतिग्रस्त पड़े है। शव यात्रा में शामिल लोगों के लिए मोक्षधाम पर स्टील की कुर्सियां डाली गई थी। अब इक्का दुक्का ही कुर्सियां बची हैं। कस्बे के विजय कुशवाहा, धर्मेंद्र राठौर, आकाश कुशवाहा, अरविंद कुशवाहा, आशीष राठौर, किशना कुशवाहा, पंकज राठौर आदि ने श्मशान घाट की व्यवस्थाएं सुधारने की प्रशासन से मांग की है।
वर्जन
जल्द ही नई बस्ती श्मशान घाट का निरीक्षण कर हैंडपंप आदि सही करा दिए जाएंगे। श्मशान घाट की बाउंड्रीवाल के लिए रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी।
सुनील कुमार, आरआई नगर पालिका