फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मदरसा मैदान पर मोदी की जनसभा आज

Mon, 20 Feb 2017 12:03 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला जालौन
विज्ञापन
जनसभा को लेकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते डीएम, एसपी। - फोटो : Amar ujala
विज्ञापन
बुंदेलखंड की चुनावी सभा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर कोंच रोड स्थित मदरसा मैदान पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री की अगवानी के लिए रविवार को पूरे दिन पार्टी के नेता और प्रशासन मैदान पर एक टांग पर खड़े नजर आए। हेलीपैड से लेकर पार्किंग तक के इंतजाम को देर रात तक पूरा किया जाता रहा। एसपीजी ने भी मैदान का निरीक्षण किया और फ्लीट का रिहर्सल भी हुआ। कार्यक्रम की देखरेख कर रहे कानपुर के भाजपा नेता आनंद राजपाल ने बताया कि पूरे बुंदेलखंड से करीब दो से ढाई लाख लोगों के आने की संभावना है।
विज्ञापन


रविवार को पीएम के मंच को भगवा रंग में तैयार किया गया। 15 से 20 हजार लोगों के बैठने के लिए कुर्सी और सोफे की भी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा दरी भी बिछाई जा रही है। दोपहर के वक्त एसपीजी ने भी मंच और मैदान का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। देर रात तक एसपीजी हेलीपैड को अपने कब्जे में लेगी। डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे और प्रशासन व पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। भाजपा नेताओं ने बताया कि सुबह नौ बजे से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा।

बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा और झांसी से आने वाली बसों और गाड़ियों के लिए मैदान के पास ही पार्किंग की भी व्यवस्था की गई। किसी तरह की अफरा तफरी न हो इसके लिए भाजपा के पदाधिकारियों की भी विशेष ड्यूटी लगाई गई है। मंच के आसपास राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, गृह मंत्री राजनाथ सिंह के अलावा केंद्रीय मंत्री उमा भारती के कटआउट भी लगाए जाएंगे।
विज्ञापन


मोदी की सुरक्षा में लगा फोर्स
पीएम नरेंद्र मोदी की जनसभा के दौरान सुरक्षा के  पुख्ता इंतजाम किए गए है। इसके लिए एसपीजी के अलावा 8 आईपीएस, 17 एएसपी, 20 डिप्टी एसपी, 250 दरोगा व 6 कंपनी पीएसी मुस्तैद रहेगी। जनता को कई चक्रों की तलाशी के बाद मैदान में प्रवेश मिलेगा। यह जानकारी एसपी स्वप्निल ममगेन ने दी।

46 नेता करेंगे मोदी का स्वागत
हेलीकाप्टर से उतरने के बाद बुंदेलखंड के 22 नेता मोदी को गुलदस्ते देकर उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद मंच के नीचे पहुंचने पर वहां खड़े 24 नेता भी उनका स्वागत करेंगे।

खाएंगे गुजराती ढोकला, पिएंगे काफी
करीब सवा घंटे तक पीएम यहां रुकेंगे। उनके खाने के लिए उनका पसंदीदा गुजराती ढोकला, काजू, बादाम, बिस्कुट के अलावा काफी का भी इंतजाम किया गया है।

दो स्विस हाउस भी तैयार किए गए
प्रधानमंत्री और उनके साथ आने वाले लोगों के लिए मैदान पर ही दो स्विस हाउस भी तैयार किए गए हैं। जहां जरूरत पड़ने पर प्रधानमंत्री कुछ समय के लिए बैठ भी सकते हैं।

मैदान से लेकर मकानों तक पर होगी नजर
मैदान की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आसपास के जिलों से पुलिस फोर्स और पीएसी भी बुलाई गई है। अधिकारियों की मानें तो मैदान से लेकर आसपास के मकानों पर भी पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। हर हिस्से पर नजर रखी जाएगी।

मंच पर सांसद और प्रत्याशी भी रहेंगे
पार्टी नेताओं के मुताबिक प्रधानमंत्री के मंच पर प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा जिले के सांसद भानू प्रताप और तीनों सीटों के प्रत्याशी भी मौजूद रहेंगे। कोई न कोई केंद्रीय मंत्री भी आ सकता है।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें