रेलवे स्टेशन के बाहर बाइक सवार लुटेरों ने युवक से मोबाइल लूट लिया। युवक की लुटेरों से हाथापाई भी हुई लेकिन बदमाश उसे धक्का देकर भाग निकले। युवक का कहना था कि अगर स्टेशन के बाहर पुलिस तैनात होती तो लुटेरों को आसानी से पकड़ा जा सकता था। युवक ने पुलिस को लुटेरों की बाइक का नंबर दिया है। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
कोटरा निवासी मोहित द्विवेदी ने बताया कि रविवार देर शाम वह रिश्तेदार को छोड़ने उरई स्टेशन आया था। मोबाइल पर बात करते हुए स्टेशन से बाहर निकला तो पीछे से एक बाइक पर सवार दो बदमाश आए और झपट्टा मारकर मोबाइल छीनने का प्रयास किया। इस पर उसने पीछे बैठे लुटेरे का हाथ पकड़ लिया तो वह बाइक से नीचे आ गया।
इसके बाद लुटेरे ने उसे जोर का धक्का दिया और मोबाइल लेकर साथी के साथ बाइक से भाग निकला। मोहित ने राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को मोहित ने लुटेरों की बाइक का नंबर भी दिया है। पुलिस का कहना है कि बाइक नंबर के आधार पर लुटेरों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।