खेत पर विधायक मूलचंद निरंजन से बात करते एडीएम प्रमिल कुमार
- फोटो : ORAI
माधौगढ़। चार दिन पूर्व बारिश व ओलावृष्टि से दो दर्जन गांवों में सैकड़ों बीघा में खड़ी फसलें बर्बाद हो गईं। विधायक, एडीएम, एसडीएम व तहसीलदार ने क्षेत्र के तीन गांवों में खराब हुई फसलों का बारीकी से जायजा लिया। एडीएम ने लेखपाल से सही सर्वे करने की बात के साथ साथ किसानों को आश्वासन दिया कि नुकसान का उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।
तहसील क्षेत्र के गांव गड़ेरना, मिझौना,अहेता सहित दो दर्जन गांव में ओलावृष्टि हुई थी। जिससे मटर, मसूर, चना, सरसों, बेझर, गेहूं की फसल चौपट हो गई। मिझौना, कैलोर, सुल्तानपुरा में किसानों ने लेखपाल द्वारा सही सर्वे न करने को लेकर रोड जाम किया था। तब एसडीएम सालिकराम ने किसानों को सही मुआवजा दिलाने के आश्वासन देकर जाम खुलवाया था। सोमवार को विधायक मूलचंद निरंजन व एसडीएम सालिकराम ने एक दर्जन गांवों का जायजा लिया। विधायक मूलचंद निरंजन, एडीएम प्रमिल कुमार सिंह, एसडीएम सालिकराम, जिला मंत्री ज्योतिष सिंह, तहसीलदार प्रेमनारायण ने गुरुवार दोपहर मिझौना, गड़ेरना, अहेता में ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का जायजा लिया। किसानों को आश्वासन दिया कि ओलावृष्टि से फसलों के नुकसान का उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।