कोंच। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तीतरा खलीलपुर से एक नाबालिग सब्जी विक्रेता के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने कोतवाली कोंच में शिकायत पत्र देकर अपने पुत्र की गुमशुदगी दर्ज कराते हुए उसकी जल्द खोज कराने की मांग की है।
तीतरा खलीलपुर निवासी मंगल सिंह ने बताया कि उसका पुत्र हर्ष (16) गांव के बस स्टैंड पर सब्जी की दुकान चलाता था और ठेले से फेरी लगाकर भी सब्जियां बेचता था। बताया गया कि 2 जुलाई की दोपहर करीब दो बजे वह बिना किसी को बताए घर और दुकान से कहीं चला गया। उस समय उसके पास लगभग पांच हजार रुपये नकद थे। परिजनों का कहना है कि हर्ष तीन मोबाइल नंबरों का उपयोग करता था, लेकिन घटना के बाद से उसका कोई संपर्क नहीं हो पाया है।
परिजन ने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों द्वारा ब्याज पर लिए गए पैसों को लेकर बनाए जा रहे दबाव के कारण हर्ष मानसिक तनाव में था। इसी वजह से उसके कहीं चले जाने की आशंका जताई जा रही है। शिकायत पत्र में कुछ लोगों पर संदेह व्यक्त करते हुए मामले की जांच की मांग की गई है। पीड़ित ने पुलिस से गुमशुदगी दर्ज कर नाबालिग की शीघ्र बरामदगी करने की मांग की है। कोंच कोतवाल ब्रजेश बहादुर ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।