यूपी बोर्ड की इंटर की परीक्षा में प्रदेश में स्थान पाने वाले जिले के तीन मेधावियों के लिए गुरुवार का दिन बहुत ही खास था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों से सम्मानित मेधावियों के साथ-साथ परिजनों और शिक्षकों के चेहरों पर भी खुशी की चमक थी। सम्मान पाने में बेटियां आगे रहीं। तीन में दो छात्राएं रही। मुख्यमंत्री ने आईपैड और एक लाख के चेक दिए थे।
सम्मान पाकर तीनों मेधावी लौटे तो अपनों ने बांहें फैलाकर स्वागत किया। मेधावियों का कहना है कि मुख्यमंत्री ने उनसे सिर्फ इतना ही कहा कि बच्चों इसी तरह जीवन में आगे बढ़ते रहना। मेधावियों के मुताबिक मुख्यमंत्री के इन शब्दों को हमेशा याद रखेंगे। शुक्रवार को पूरे दिन सम्मानित होने वाले बच्चों के घर नाते रिश्तेदारों और दोस्तों व पड़ोसियों की बधाईयों का तांता लगा रहा। कोई सम्मान समारोह की भव्यता के बारे में तो कोई सीएम योगी के बारे में ही इन मेधावियों से पूछता रहा।
बेटियां भी बढ़ाती हैं परिवार का मान
रवींद्र नाथ टैगोर एजूकेशन सेंटर इंटर कॉलेज की 12 वीं की छात्रा प्रांजलि ने 94.40 फीसदी अंक प्राप्त कर प्रदेश में 8वां और जिले में पहला स्थान प्राप्त किया था। प्रांजलि ने बताया कि मुख्यमंत्री से सम्मानित होने के बाद आत्मविश्वास दोगुना हो गया। प्रांजलि के पिता ने बताया कि जब सीएम बेटी को सम्मानित कर रहे थे तो उन्हें पहली बार लगा कि वाकई बेटियां भी परिवार का मान बढ़ा सकती हैं।
मुख्यमंत्री बोले, बहुत अच्छे, ऐसे की करो तरक्की
ईश्वर कर्नल सिंह इंटर कालेज शेखपुर बुजुर्ग के छात्र आयुष ने 94.20 अंक प्राप्त कर प्रदेश में 9वां और जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। आयुष ने बताया कि जब उनके माता-पिता के साथ उन्हें मुख्यमंत्री सम्मानित कर रहे थे परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं था। मुख्यमंत्री के बोले हुए शब्द बहुत अच्छे, ऐसे ही तरक्की करो, अभी तक कानों में गूंज रहे हैं। इससे उसका हौसला और बढ़ गया है।
गौरवपूर्ण रहा पल
रामजी लाल पांडेय बालिका इंटर कॉलेज उरई की छात्रा प्रगति नें 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सूबे में 10वां और जिले में तीसरा स्थान हासिल किया। प्रगति ने बताया कि मुख्यमंत्री से सम्मानित होने का पल वाकई गौरवपूर्ण रहा। चारों ओर तालियों की गड़गड़ाहट ही सुनाई दे रही थी। प्रगति के अभिभावकों का कहना है कि उन्हें तो यकीन ही नहीं हो रहा था कि बेटी की मेहनत उन्हें मुख्यमंत्री के मंच तक ले जाएगी।