कदौरा। गोशाला से निकले आधा सैकड़ा मवेशियों ने छह किसानों की 28 बीघा गेहूं की फसल को रौंद कर नष्ट कर दी है। इससे किसानों में आक्रोश है।
सोमवार सुबह क्षेत्र के अन्ना मवेशियों ने ग्राम चंदरसी के किसान जगत नारायण की पांच बीघा गेहूं, कल्लू की चार बीघा गेहूं, हरिश्चंद्र की छह बीघा गेहूं, रामबिहारी की तीन बीघा गेहूं, सुरेंद्र पाल की दो बीघा गेहूं व शिव रतन की आठ बीघा गेहूं की फसल को नष्ट कर दिया। किसानों का आरोप है कि गांव में स्थाई गोशाला है, लेकिन गोशाला में चारे पानी की व्यवस्था नहीं है। भूख प्यास से परेशान मवेशी टट्टर के गेट व तारों को तोड़ कर आए दिन निकल जाते है और किसानों की फसल बर्बाद करते है। सचिव कभी कभार गांव आते है। इस संबंध में बीडीओ अतिरंजन सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में है, गोशाला से मवेशी कैसे निकले इसकी जांच करवा कर कार्रवाई की जाएगी।