उरई। स्टेशन पर बिजली न आने पर यात्रियों ने हंगामा कर दिया। सोमवार को बारिश के चलते शहर के साथ स्टेशन की भी बिजली गुल हो गई। इसी बीच अहमदाबाद से बनारस जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस के आने की सूचना हुई। बिजली न आने के कारण यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने को दिक्कत हुई। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात टीसी से इसकी शिकायत की। जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो वे हंगामा करने लगे। इसी बीच लखनऊ से झांसी जाने वाली इंटरसिटी भी आ गई। बिजली न आने के कारण यात्रियों को ट्रेन उतरने चढ़ने में दिक्कत हुई। यात्री इस बात को लेकर नाराज थे कि बिजली गुल होने के बावजूद जेनरेटर नहीं चलाया जा रहा है। बाद में कुछ यात्री डिप्टी एसएस कक्ष में भी पहुंचे और हंगामा किया। किसी तरह उन्हें समझा बुझाकर शांत कराया गया। स्टेशन अधिकारियों का कहना है कि अभी नया प्लेटफार्म बना है, उसमें जेनरेटर का कनेक्शन नहीं है।