उरई। कुठौंद ब्लाक के ग्राम पंचायत हदरूख में गुरुवार को चौरी चौरा शताब्दी महोत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि राज्य मंत्री उच्च शिक्षा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग नीलिमा कटियार उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी मंत्री ने शहीद स्थल पर शहीद राजवीर सिंह सेंगर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों ने देश भक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
प्रभारी मंत्री नीलिमा कटियार ने कहा कि यह कार्यक्रम पूरे वर्ष भर चलाया जाएगा। प्रत्येक शहीद स्थल पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके उपरांत सूचना विभाज द्वारा एलईडी वैन के माध्यम से प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के ऑनलाइन संबोधन को सुना गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि चौरा चौरा में जो भी हुआ वह सिर्फ एक थाने में आग लगाने की घटना नहीं थी, इससे एक बड़ा संदेश अंग्रेजी हुकुमत को दिया गया था।
इस घटना को इतिहास में सही जगह नही दी गई है, लेकिन हमें उन शहीदों को नमन करते हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने पांच रुपये का डाक टिकट जारी किया। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री ने खेलकूद को बढ़ावा देने के उददेश्य से शहीद स्थल परिसर में कबड्डी व अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डा. अभय कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह, शदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, कालपी विधायक नरेंद्र सिंह जादौन, माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन, उपजिलाधिकारी जालौन गुलाब सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए शशिकांत द्विवेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री नीलिमा कटियार ने 1962 में शहीद हवलदार कपूर सिंह निवासी शेखपुर बुजुर्ग की पत्नी श्याम दुलारी को श्रीफल एवं शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। बता दें कि वर्ष 1984 ऑपरेशन ब्लू स्टार के दौरान राजवीर सिंह शहीद हुए थे। सदर विधायक ने 1965 की जंग में शहीद हुए गांव के ही सिपाही रामसनेही के परिजनों को सम्मानित किया। विधायक मूलचंद निरंजन ने सन 1945 में शहीद हुए गांव के ही सिपाही कपूर सिंह के नाती लक्ष्मण सिंह को श्रीफल एवं शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
उधर, जालौन में ऐतिहासिक चौरी चौरा घटना का शताब्दी समारोह नगर पालिका ने स्थानीय चंद्रशेखर आजाद पार्क पर आयोजित किया। इस मौके पर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर मनाया गया। इस दौरान मौजूद ईओ व पालिकाध्यक्ष ने अमर शहीदों को याद किया। नगर पालिका अध्यक्ष गिरीश कुमार गुप्ता ने कहा कि वर्ष 1922 में हुए चौरी चौरा कांड के बाद अंग्रेजों ने एक साथ 19 लोगों को फांसी दी थी। सभी मां भारती की वीर संतान थे, लेकिन उन्हें भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को इतिहास में उचित स्थान नहीं मिला। इस मौके पर ईओ डीडी सिंह,प्रधान लिपिक सुश्री रविंदर सलूजा, सतीश सिंह सेंगर, एलआई चंदन सिंह यादव, सफ ाई निरीक्षक देवेंद्र कुमार, कमलेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।