कोंच। ग्राम लौना में विवाहिता ने ससुरालियों पर गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंचे मायकेवालों ने महिला को नर्सिंग होम में भर्ती कराकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला की तहरीर पर पति, सास-ससुर, देवर, ननद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
थाना रेंढर क्षेत्र के ग्राम महतवानी निवासी सियाचरण की बेटी अलका की शादी तीन साल पहले कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लौना निवासी राहुल प्रजापति के साथ हुई थी। अलका ने तहरीर में बताया कि उसके पिता ने लगभग 8 लाख रुपये का दान दहेज में दिया था। फिर भी शादी के बाद से ही ससुराली बाइक और सोने की चेन की मांग कर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने लगे।
कुछ समय बाद उसने एक पुत्री को जन्म दिया तो उसका और उत्पीड़न करने लगे। शनिवार को ससुरालियों ने मारपीट की और फिर गला दबाकर जान से मारने का प्रयास भी किया। सूचना पर मंडी चौकी इंचार्ज नितिश कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने महिला से पूछताछ कर मामले की जांच पड़ताल की। पीड़िता की तहरीर पर पति राहुल, ससुर रामकेश, सास भूरी देवी, देवर कृष्ण कुमार निवासी लौना व ननद पूजा निवासी बाबई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।