उरई। विवाह समारोह से लौट रहे परिवार की कार अनियंत्रित होकर खंदक में पलट गई। हादसे में कार पर सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं व चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। चीखपुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला उमरराखेरा निवासी अमित साहू परिवार समेत मामा के लड़के की शादी में शामिल होने के लिए 20 अप्रैल को झांसी जनपद के गुरसरांय गए थे। शादी में शामिल होने के बाद वह गुरुवार को कार से घर लौट रहे थे। कार डकोर कोतवाली क्षेत्र के चिल्ली गांव के अनियंत्रित होकर खंदक में पलट गई। हादसे में कार सवार सीमा (35) की मौत हो गई, जबकि घायल अमित (30), अंगूरी (55), आरजू (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। सीमा के दो बच्चे अंश और अनामिका है। उसकी मौत से पति रोहित सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पति रोहित निजी स्कूल में शिक्षक हैं। जिससे परिवार का भरण पोषण होता है।
------------
कार में सवार थे परिजन
खंदक में पलटी कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे। इसमें कार चालक अमित, उसकी पत्नी आरजू, मां अंगूरी गंभीर रुप से घायल हो गए। जबकि भाभी सीमा की मौत हो गई।