उरई। अतिक्रमण के खिलाफ दूसरे दिन भी नगर पालिका ने अभियान चलाया। सुबह नौ बजे से शुरू हुआ अभियान दो बजे तक चला। जो मरघट के पास से शुरू होकर झांसी रोड पर जाकर खत्म हुआ।
इस दौरान एक दर्जन से अधिक दुकानदारों से सड़कों के किनारों को कब्जा मुक्त करवाया गया। इसके साथ ही पांच से छह ट्रॉली मौरंग-गिट्टी पालिका ने जब्त की। गुरुवार को नगर पालिका के साथ अन्य विभागों ने सड़क किनारे मौरंग, गिट्टी डालकर कब्जा किए दुकानदारों से कब्जा मुक्त करवाने के लिए अभियान की शुरूआत की थी। शुक्रवार को पालिका की टीम अकेली रह गई। सुबह नौ बजे से मरघट के पास से अभियान की शुरूआत पालिका की टीम ने की।
एक दुकान से एक ट्रॉली जैसे ही मैौरंग जब्त की गई तो अन्य दुकानदारों ने मौरंग, गिट्टी हटाना शुरू कर दिया। इसके बाद भी कुछ जगह से सामग्री नहीं हट पाई। जिसको जब्त किया गया। झांसी रोड पर दुकानदारों से नोकझोंक भी हो गई। उन्होंने मौरंग, गिट्टी जब्त करने को लेकर एतराज जताया। इसके बाद भी पालिका ने कार्रवाई जारी रखी। इस दौरान कर अधीक्षक गणेश प्रसाद, कर निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, विजय, कामता मौजूद रहे।
कई जगह पर सिर्फ खानापूर्ति
अभियान की शुरूआत में एक दुकान पर जैसे ही कार्रवाई हुई तो कई दुकानदार सड़क पर फैली अपनी-अपनी मौरंग, गिट्टी हटाने लगे। इस पर उन्हें छोड़कर पालिका की टीम आगे निकल गई। लेकिन दुकानदारों ने टीम के आगे जाने पर फिर से अतिक्रमण जमा लिया। कई जगह पर खानापूर्ति की गई। गर्मी से बचने के लिए अधिकारियों ने भी जल्दी-जल्दी अभियान निपटा दिया।
वर्जन
शनिवार को कोंच रोड पर अभियान चलेगा। इसमें मौरंग-गिट्टी हटाई जाएगी। इस मार्ग पर करीब एक दर्जन दुकानें मौरंग, गिट्टी की हैं। जो सड़क तक अतिक्रमण जमाए हुए हैं। -धर्मेंद्र सिंह, कर निरीक्षक