उरई। त्योहारों को देखते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पूरे जिले की सड़कें दो माह के भीतर गड्ढामुक्त हो जानी चाहिए।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के सभी खंड, मंडी परिषद, जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत, नगर पालिका व नगर पंचायत, सिंचाई विभाग और विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंताओं को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्ग, संपर्क मार्ग और पंचायत क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत तत्काल प्रभाव से शुरू कराई जाए।
आदेश दिया कि सभी विभाग न केवल गड्ढों को भरने पर ध्यान दें, बल्कि सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की कटान और सफाई भी सुनिश्चित कराएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी। अगर किसी विभाग या अधिकारी की लापरवाही सामने आई तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, डीसी मनरेगा रामेंद्र सिंह मौजूद रहे। (संवाद)