उरई। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर जल्द ही इंदौर से बनारस जाने वाली महाकाल एक्सप्रेस और अहमदाबाद से दरभंगा जाने वाली क्लोन साबरमती एक्सप्रेस का ठहराव होगा। सोमवार को दौरे पर आए झांसी मंडल के डीआरएम दीपक कुमार सिन्हा ने पत्रकारों से बातचीत में इसका आश्वासन दिया है।
रेलवे स्टेशन के वीआईपी रूम में पत्रकारों से बातचीत में डीआरएम ने कहा कि उरई स्टेशन पर जिन ट्रेनों का ठहराव नहीं है, उनका जरूरत के हिसाब से जल्द ठहराव कराया जाएगा।
कोंच, एट, उरई व सरसोकी शटल की एट स्टेशन पर रुकने वाली पैसेंजर ट्रेनों से कनेक्टिविटी नहीं होने पर उन्होंने कहा कि समय को लेकर दिक्कत है, इसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
उरई से सीधी दिल्ली के लिए ट्रेन चलाने पर डीआरएम ने कहा कि इसके लिए रेलवे बोर्ड, उत्तर रेलवे मंडल स्तर पर बात करनी होगी। भिंड-जालौन-महोबा रेल लाइन को जोड़ने पर उन्होंने कहा कि इसका सर्वे किया जा रहा है।
डीआरएम ने कहा कि अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन पर सेल्फी प्वाइंट बनाया जाएगा। नया फुट ओवरब्रिज, जिसकी चौड़ाई 40 फीट होगी, उस पर एस्केलेटर लगाई जाएगी। इसके लिए टेंडर हो चुके हैं, जल्द ही निर्माण शुरू होगा। इंटरसिटी के लखनऊ न जाने के सवाल पर कहा कि ट्रेन खड़ी करने की समस्या होगी, फिर भी वह संबंधित मंडल से बात कर रहे हैं।
खाली कार्यालयों का उपयोग सुनिश्चित करें
अमृत भारत योजना के तहत आरक्षण का टिकट काउंटर अलग बन गया है। पुराना स्टेशन अधीक्षक व डिप्टी एसएस ऑफिस भी नई जगह बन गया है। पुरानी बिल्डिंग खाली हो गई है। डीआरएम ने स्टेशन अधीक्षक से इन बिल्डिंगों के बारे में चर्चा की। एक पांच सदस्यीय कमेटी बनाकर खाली कार्यालयों का उपयोग सुनिश्चित करने के लिए कहा।
दिल्ली तक सीधी ट्रेन चलाने, ओवरब्रिज बनाने की मांग रखी
उरई। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने डीआरएम को ज्ञापन देकर दिल्ली तक सीधी ट्रेन चलाने, नॉन स्टाप ट्रेनों के उरई में ठहराव सुनिश्चित करने, इंदिरानगर में ओवरब्रिज बनाने, कालपी में ट्रेनों का ठहराव देने की मांग की। व्यापारियों ने रेल अधिकारियों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित भी किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता, प्रदीप द्विवेदी, विवेक शुक्ला, धर्मेंद्र शर्मा, सुधीर पांडेय, उदय करन, निशा राजपूत आदि रहे। संवाद-