कालपी (जालौन)। एमएसवी इंटर कॉलेज ग्राउंड पर आयोजित स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय गजाधर प्रसाद चतुर्वेदी मेमोरियल अंडर 16 स्टेट क्रिकेट टूर्नामेंट रविवार को लखनऊ ने जीत लिया। लखनऊ ने रायबरेली को पांच विकेट से हराया। लखनऊ के सम्यक त्रिवेदी को प्लेयर ऑफ द मैच और बेस्ट बल्लेबाज चुना गया।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन जालौन की ओर से इस प्रतियोगिता का आयोजन हुआ है। रायबरेली की टीम ने पहले बल्लेबाजी की। 19 ओवर में 225 रन पर टीम ऑल आउट हो गई। मैच में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी व लगातार गिरते विकेटों का रोमांच देखने को मिला। सबसे विस्फोटक पारी विष्णु ने खेली, जिन्होंने 13 गेंदों में 41 रन बनाए। लखनऊ की ओर से कफील अहमद खान ने 4 विकेट व यशवर्धन ने 3 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते उतरी लखनऊ की टीम ने शुरू से ही आक्रमक खेल खेला।
कप्तान सम्यक त्रिवेदी ने 36 गेंदों में 99 रन ( 13 छक्के), देशदीपक भारती 55 रन (22 गेंद), आमोघ सिंह 25 रन (14 गेंद) बनाकर लखनऊ को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। पुरस्कार वितरण से पूर्व डीसीए अध्यक्ष के भाई के निधन पर दो मिनट का मौन रखा गया। डीसीए जालौन के संस्थापक श्यामबाबू ने अतिथियों को सम्मानित किया।
विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कालपी में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए इस टूर्नामेंट को प्रतिवर्ष कराने का आश्वासन दिया। डीएम राजेश कुमार पांडेय ने भी डीसीए द्वारा लगातार कराए जा रहे क्रिकेट की प्रशंसा की। पुरस्कार वितरण में मुख्य अतिथि यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने विजेता लखनऊ व उपविजेता रायबरेली को ट्रॉफी और चेक प्रदान किए। टूर्नामेंट के संयोजक आशीष चतुर्वेदी ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन डीसीए सचिव विकास कुमार शर्मा ने किया। इस दौरान बीसीसीआई लेवल के अंपायर सतीश पांडेय, पवन कुमार ने अंपायरिंग की।