रामपुरा। मोबाइल की दुकान में बुधवार की दोपहर आग लग गई, जिससे दुकान में रखे कीमती मोबाइल फोन और सामान जलकर खाक हो गया। आसपास के लोगों ने दुकानदार को इसकी जानकारी दी लेकिन तब तक सामान जलकर खाक हो चुका था। व्यापारी ने दुकान में आग लगाए जाने का आरोप भी लगाया है। व्यापारियों ने पुलिस को तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के सुभाष नगर निवासी राजेश कुमार की निनावली बस स्टैंड पर मोबाइल की दुकान है। बुधवार की दोपहर में दुकान में आग लग गई। दुकान से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी राजेश को दी। दुकानदार ने जब शटर खोला तब तक सारा सामान जलकर खाक हो चुका था।
जला सामान देख दुकानदार रोने लगा। राजेश ने बताया कि वह नए मोबाइल फोन पर फाइनेंस सुविधा भी उपलब्ध कराता है। आग से कीमती मोबाइल सहित और भी सामान जलकर खाक हो गया है। राजेश के मुताबिक आग से लगभग सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
व्यापारी ने आग लगाए जाने का भी आरोप लगाया है। थाना प्रभारी राजीव कुमार वैश्य ने कहा कि नगर में मोबाइल की दुकान में आग लगने की तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।