जालौन। दो माह पहले नगर में स्थित पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर चोरों ने दो सराफा व्यापारियों की दुकानों से लाखों के जेवर चोरी कर लिए थे। पुलिस ने चोरी के मामले में नेपाली आरोपी को पकड़ा है। जिसके पास से पुलिस ने चोरी के एक किलो चांदी के नए पुराने जेवर और 2300 रुपये नकद बरामद किए। सीओ ने कोतवाली में मामले का खुलासा किया।
नगर के मोहल्ला चौधरयाना निवासी रामजी स्वर्णकार उर्फ बबलू व फर्दनवीस निवासी विशाल सोनी की चौकी के पास सराफा की दुकानें हैं। 14 जनवरी की रात चोरों ने दोनों दुकानों से गेटों के कुंडों को तोड़कर दुकान के अंदर घुस गए। जहां चोरों ने रामजी की दुकान के अंदर दो तिजोरियों को तोड़कर 10 हजार रुपये की नकदी सहित लगभग चार लाख रुपये के जेवर और उनके बगल में ही स्थित विशाल की दुकान से चोरों ने गोलक में रखे 12 हजार रुपये और लगभग दो लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए थे।
बुधवार को कोतवाली में खुलासा करते हुए माधौगढ़ सीओ आरके गौतम ने बताया कि सराफा व्यापारियों के यहां हुई चोरी के मामले में सारंगपुर तिराहे के पास भागने की फिराक में खड़े नेपाल के जिला कैलाली थाना मातीपुर के लामकी गांव निवासी सूरत बहादुर शाही को पकड़ लिया।
तलाशी में उसके पास से पुलिस को 2300 रुपये बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी की घटना को उसने व नगर में चौकीदारी करने वाले नेपाली व्यक्ति ने मिलकर अंजाम दिया था। चोरी के बाद उन्होंने सारंगपुर तिराहे के पास ही जेवर जमीन में दबा दिए थे।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। टीम में कोतवाल कुलदीप तिवारी, एसओजी प्रभारी योगेश पाठक, एसएसआई आनंद सिंह, चौकी प्रभारी अतुल राजपूत शामिल रहे।