रामपुरा। पुलिस ने क्षेत्र के गांवों में घूमकर कई लोगों को हिदायत दी कि किसी ने लॉकडाउन का उल्लंघन किया तो कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद थाना क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों को जागरूक किया कि कोई व्यक्ति सड़कों पर न घूमें। प्रतिबंधित पान मसाले की बिक्री न की जाए।
सब्जी किराना एवं जनरल स्टोर के सभी दुकानदारों को अवगत कराया कि ऊंचे दामों पर बिक्री न करें और बाजार में किराना की दुकान खोल कर भीड़ लगाकर समान न बेचें नहीं तो मजबूरन पुलिस को उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करनी पड़ेगी। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर आरके सिंह ने महंगे दरों में सामान बेचने के आरोप पर लगभग 12 लोगों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। अपील की कि जो भी व्यक्ति बाहर से आया हो अगर किसी प्रकार की बीमारी हो तो हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें। उधर, बीडीओ संदीप कुमार ने क्षेत्र के सभी प्रधानों व रोजगार सेवकों के साथ बैठक कर अपनी अपनी ग्रामसभाओं में लॉकडाउन का पालन कराने के निर्देश दिए।
लॉकडाउन का पालन करें, नहीं तो कार्रवाई
मुहम्मदाबाद। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए ब्लाक डकोर में हुए प्रशिक्षण में ग्राम प्रधानों व सचिवों को सोशल डिस्टेंस के तहत दो-दो मीटर की दूरी पर बैठाया गया। थाना प्रभारी बीएल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित लॉकडाउन का जो व्यक्ति पालन नहीं करेगा उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ इदरीश मोहम्मद ने बताया कि सभी को मास्क नहीं लगाना है, जिन्हें सर्दी, जुकाम, बुखार, खांसी या बार-बार छींक आ रही हो, सांस फूल रही हो सिर्फ उन्हीं लोगों को मास्क लगाना है। बीडीओ सुदामा शरण ने प्रधानों से कहा कि जो ग्रामीण असहाय हैं और कोई सरकारी सहायता उन्हें प्राप्त नहीं हो रही है उनके नाम दें ताकि उन्हें सरकार की ओर से सहायता दिलाई जा सके। इस दौरान सचिव मेहरबान सिंह, नौशाद अली, अंकित राणा, इंद्रजीत सिंह, अशोक कुशवाहा, मथुरा, सरोज देवी, इंदल सिंह, मायादेवी, गोविंद सिंह, सतीश, बबलू यादव, रामकुमार, नारायणी देवी आदि रहे।