कुठौंद। ड्यूटी से साथी के साथ घर लौट रहे होमगार्ड की बाइक में लोडर ने टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कालेज पहुंचाया। जहां एक को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक लोडर लेकर भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुठौंद थाना क्षेत्र के मिहोना निवासी होमगार्ड राजेश कुमार (45) दो दिन से सिरसाकलार थाने में ड्यूटी कर रहे थे। सोमवार शाम वह साथी होमगार्ड दौलतपुर निवासी प्रेम यादव के साथ घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक मदारीपुर-दौनापुर के पास पहुंची तभी सामने से आ रही लोडर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची सिरसाकलार पुलिस ने दोनों को मेडिकल कालेज पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि उसके दो बेटे व एक बेटी है। उसकी मौत से पिता जगराम, पत्नी शशि सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। सीओ जालौन राम सिंह यादव का कहना है कि टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी।