जिले में मिला लेप्टोस्पायरोसिस का मरीज
उरई। जिले में बुधवार को चूहे से फैलने वाली बीमारी लेप्टोस्पायरोसिस बीमारी का मरीज मिला है। मरीज का बुखार ठीक न होने के कारण उसे झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मेडिकल कॉलेज के सर्विलांस विभाग की ओर से आई सूचना के बाद जिले के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव जाकर जांच की है।
बता दें कि कोटरा थाना क्षेत्र छिरावली रामसिया (70) को कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। बुखार ठीक न होने पर परिजन उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। लक्षणों के आधार पर उनकी जांच कराई गई तो लेप्टोस्पायरोसिस बीमारी की पुष्टि हुई। मेडिकल कॉलेज के सर्विलांस विभाग की ओर से इसकी जानकारी सीएमओ कार्यालय स्थित महामारी विभाग को भेजी गई। महामारी विशेषज्ञ महेंद्र कुमार की अगुवाई में टीम छिरावली गांव पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। हालांकि, अन्य किसी परिजन में इस बीमारी के लक्षण नहीं मिले। उन्होंने बताया कि गांव में दवा का छिड़काव कर ग्रामीणों को बीमारी के प्रति सचेत रहने को कहा गया है। रामसिया की हालत में भी सुधार है।
इसे रैट फीवर (चूहों से फैलने वाली बीमारी) भी कहा जाता है। इसके जीवाणु पानी या गीले मैदान में पनपते हैं फिर यह पालतू जानवरों और चूहों को भी संक्रमित करते हैं। इसके बैक्टीरिया कट या त्वचा के घाव, मुंह, नाक, आंख औश्र दूषित पानी के माध्यम से व्यक्ति के शरीर में पहुंचते हैं। यह बीमारी उन लोगों में ज्यादा फैलती है, जो जानवरों के संपर्क में रहते हैं। दूषित मिट्टी, कीचड़ या बाढ़ के पानी के संपर्क में आने से भी इस बीमारी के फैलने का खतरा रहता है।
ठंड लगने के साथ तेज बुखार, तेज सिरदर्द, शरीर दर्द और मांसपेशियों में दर्द, भूख की कमी, दस्त या उल्टी आना इसके लक्षण हैं।