कदौरा। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को पेपर दिलाने के बहाने मौदहा ले जाकर रास्ते में छोड़ दिया। किसी तरह युवती ने मायके आकर आपबीती परिजनों को बताई। इस पर पिता ने बेटी के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम इटौरा बावनी निवासी युवती ने बताया कि उसकी शादी 23 फरवरी 2019 को ग्राम सजेती जिला कानपुर देहात में हुई थी। शादी के कुछ दिनों तक तो ठीक चला लेकिन कुछ माह बाद से ही पति सहित ससुरालीजन उनसे एक लाख रुपये की मांग करते हुए मारपीट करने लगे। छह माह पूर्व मारपीट से परेशान होकर वह मायके आ गई। कुछ दिनों बाद पति उसे वापस ससुराल ले गया और फिर हाल ही में पति पेपर दिलाने के बहाने उसे मौदहा ले गया और मारपीट करते हुए वहीं रास्ते में छोड़ दिया। किसी तरह वह मायके लौटी और फिलहाल वहीं रह रही है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने कहा कि तहरीर मिली है मामले की जांच-पड़ताल के बाद कार्रवाई की जाएगी।
एक अन्य मामले में विधवा महिला ने जेठ और उनके बेटों के खिलाफ घर से निकालने की तहरीर थाने में दी है। महिला का आरोप है कि दो माह पूर्व भी परिवार के इन्हीं लोगों ने उसके पति को उकसा कर उन्हें आत्महत्या के लिए विवश किया था। परिवार के लोग मकान में उसका हिस्सा हड़पना चाहते हैं।
थाना क्षेत्र के ग्राम हरचंदपुर निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि पति के बड़े भाई व उनके बेटों ने मंगलवार को उसका सामान सड़क पर फेंककर मकान पर कब्जा कर लिया है। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की। इतना ही नही दो माह पूर्व उसके पति ने परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी। पिता पुत्र दबंगई के बल पर उसे भी मारना चाहते है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह का कहना है कि पारिवारिक विवाद का मामला है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।