फोटो - 25 आंदोलन करते हिंदु संगठनों के लोग। संवाद
कोंच। सपा बर्खास्त जिलाध्यक्ष (यूथ ब्रिगेड) पर युवती को ले जाने का आरोप है। शुक्रवार को इसी मामले को लेकर हिंदू संगठनों ने युवती के परिजनों के साथ नारेबाजी की और पूरे मामले को लव जिहाद का मामला बताया। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि युवती अब तक नहीं मिली और आरोपी को छोड़ दिया गया है। लोगों ने परिजनों के साथ एसडीएम ज्योति सिंह और सीओ परमेश्वर प्रसाद को ज्ञापन सौंपकर युवती को 24 घंटे में खोजने की बात कही है।
पिछले दिनों कस्बे से युवती लापता हो गई थी। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर सपा यूथ बिग्रेड के जिलाध्यक्ष रिजवान मंसूरी उर्फ छोटू टाइगर और उसके साथी उस्मान कुरैशी के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी छोटू को हिरासत में भी ले लिया गया था, लेकिन बाद में छोड़ दिया गया। जब इसकी जानकारी हिंदू संगठनों के लोगों को लगी तो शुक्रवार को सरोजिनी नायडू पार्क में इकट्ठा हुए और पूरे मामले को लव जिहाद से जोड़ते हुए आक्रोश प्रकट किया। इस दौरान युवती के परिजन भी मौजूद रहे।
इस दौरान ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष धर्मेंद्र बबेले, मंत्री रंजन गोस्वामी, सनाढ्य सभा के अध्यक्ष महेश तिवारी पिरौना, विज्ञान विशारद सीरौठिया, आशुतोष रावत, अंशुल शुक्ला खुर्द, मोनू पंडित, जग्गू दादा, राहुल तिवारी, राघवेंद्र तिवारी, अखिलेश बबेले मौजूद रहे। सीओ परमेश्वर प्रसाद का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है अगर मामला लव जिहाद का निकलता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।