कुठौंद। सिरसा कलार थाना क्षेत्र के दमरास गांव निवासी मजदूर की रविवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। वह कुठौंद से मोपेड पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। दोनापुर पेट्रोल पंप के पास हादसा हुआ।
थाना क्षेत्र के दमरास गांव निवासी रमेश खटीक (54) मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। रविवार को वह मोपेड से घर लौट रहे थे, तभी किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मोपेड का संतुलन बिगड़ने से रमेश सड़क पर गिर गए थे। हेलमेट नहीं पहने होने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट लगी। वहीं, मृतक के चचेरे भाई ने अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत होने की बात कही है।
रमेश की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था। उनकी तीन बेटियों की शादी हो चुकी थी, जबकि बेटा शिवा अभी पढ़ाई कर रहा है। बेटियों की शादी करने के बाद वह मजदूरी से बेटे को पढ़ा रहे थे। इसके साथ ही साइकिल से क्षेत्र में गुब्बारे और नील बेचकर भी परिवार की मदद करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
थाना प्रभारी वरुण प्रताप सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। जांच की जा रही है।