उरई। जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए अब कोटेदारों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। राशन वितरण के दौरान लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग ने पूर्ति विभाग को पत्र जारी किया है।
जिले में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत 15 जनवरी से 15 अप्रैल तक 90 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग को 2.49 लाख ऐसे लाभार्थियों की सूची प्राप्त हुई है, जिनके आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं। अंत्योदय योजना के तहत 43,473 परिवारों के 1,27,430 सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हैं। इनमें से 99,378 कार्ड बन चुके हैं, जबकि 28,052 कार्ड अभी बनना शेष हैं। वहीं पात्र गृहस्थी योजना के 28,760 परिवारों के 1,86,824 सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हैं। इसके सापेक्ष 1,27,709 कार्ड बन चुके हैं, जबकि 59,915 कार्ड बनना बाकी हैं।
आयुष्मान योजना के कार्यक्रम प्रभारी डॉ. आशीष ने बताया कि छूटे हुए लाभार्थियों की सूची जिला पूर्ति अधिकारी के माध्यम से सभी पूर्ति निरीक्षकों एवं क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई है। कोटेदारों की ऑपरेटर आईडी भी बना दी गई है, ताकि वे स्वयं कार्ड तैयार कर सकें। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में प्रतिदिन 150 से 200 आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। कोटेदारों को निर्देश दिए गए हैं कि वे या तो लाभार्थियों को सूचित करें कि वे अपना कार्ड आयुष्मान मित्र या पंचायत सचिवालय में बनवा लें, अथवा स्वयं अपनी ऑपरेटर आईडी से कार्ड बनाकर लाभार्थी को उपलब्ध कराएं। अभियान के माध्यम से शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।