कोंच। क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। कोंच शटल ट्रेन एक बार फिर पुरानी व्यवस्था पर लौट रही है। रेलवे बोर्ड ने समय सारणी में बदलाव करते हुए 29 जून से कोंच शटल को अब सरसोकी तक न चलाने का निर्णय लिया है। अब यह ट्रेन प्रतिदिन एट-कोंच के बीच ही पांच चक्कर लगाएगी। इस बदलाव से यात्रियों को एट जंक्शन पर लंबी दूरी की ट्रेनों से बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
कोंच-एट के बीच संचालित होने वाली यह शटल देश की सबसे छोटी रेल सेवाओं में शामिल है। ऐतिहासिक रूप से इस रेल सेवा की शुरुआत अंग्रेजों के समय वर्ष 1902 में कपास व्यापार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी। लंबे समय से यह शटल क्षेत्र के हजारों यात्रियों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन बनी हुई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए शटल की समय सारणी में परिवर्तन किया गया है। अब यह शटल एट जंक्शन पर ठहरने वाली ट्रेनों से मिलान कराएगी, जिससे उरई, कानपुर, झांसी, ग्वालियर, दिल्ली सहित अन्य स्थानों की यात्रा करने वाले यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।
यह रहेगा नया समय सारणी
पहला चक्कर- कोंच से सुबह 4:25 बजे रवाना होकर 5:00 बजे एट पहुंचेगी। एट से 5:30 बजे चलकर 6:05 बजे कोंच आएगी।
दूसरा चक्कर- कोंच से 6:35 बजे चलकर 7:05 बजे एट पहुंचेगी। एट से 8:10 बजे चलकर 8:45 बजे कोंच आएगी।
तीसरा चक्कर- कोंच से 9:45 बजे रवाना होकर 10:20 बजे एट पहुंचेगी। एट से 12:20 बजे चलकर 12:55 बजे कोंच आएगी।
चौथा चक्कर- कोंच से 14:00 बजे चलकर 14:35 बजे एट पहुंचेगी। एट से 16:00 बजे चलकर 16:35 बजे कोंच आएगी।
पांचवां चक्कर- कोंच से 19:30 बजे रवाना होकर 20:05 बजे एट पहुंचेगी। एट से 21:25 बजे चलकर 22:00 बजे कोंच आएगी।
मार्च 2024 में बढ़ाया गया था सरसोकी तक संचालन
कोंच शटल अंग्रेजों के जमाने से क्षेत्र की प्रमुख रेल सेवा बनी हुई है। तत्कालीन केंद्रीय मंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा के प्रयास से 13 मार्च 2024 को इसका संचालन कोंच-एट से बढ़ाकर सरसोकी तक किया गया था। इससे शटल एट कोंच की 13 किलोमीटर की दूरी से बढ़कर सरसोकी तक 46 किलोमीटर की दूरी तय करने लगी थी। इससे क्षेत्र के यात्रियों को जिला मुख्यालय तक सीधी रेल सुविधा मिलने लगी थी। हालांकि, सरसोकी तक संचालन के दौरान एट जंक्शन पर लंबी दूरी की ट्रेनों से शटल का बेहतर मिलान नहीं हो पा रहा था, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।
रविवार को भी दौड़ेगी कोंच शटल
29 जून से नई समय सारणी लागू होने के बाद कोंच शटल अब रविवार को भी अपने निर्धारित समय पर संचालित होगी। बता दें कि जबसे शटल का संचालन कोंच-एट से बढ़ाकर सरसोकी तक किया गया था, तब से रविवार को इसका संचालन बंद रहता था। सप्ताह में एक दिन शटल को मरम्मत कार्य के लिए झांसी भेजा जाता था, जिसके चलते रविवार को सेवा बंद रहती थी। अब पुरानी व्यवस्था बहाल होने से यात्रियों को पूरे सप्ताह शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
सीएमपीई ने इंजन में फुट प्लेटिंग कर परखी ट्रैक क्षमता और स्पीड जर्क
उरई। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज से आए मुख्य मैकेनिकल इंजीनियर प्लानिंग डीजल (सीएमपीई) आरडी मौर्या ने शुक्रवार को मुंबई से छपरा जाने वाली अंत्योदय एक्सप्रेस (22584) के इंजन में झांसी से उरई तक फुट प्लेटिंग कर ट्रैक की क्षमता और ट्रेन की स्पीड जर्क का निरीक्षण किया। उन्होंने इंजन में बैठकर परिचालन संबंधी पहलुओं का जायजा लिया। निरीक्षण रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी। इसके बाद वह गोरखपुर-पुणे स्पेशल ट्रेन (01416) से झांसी लौट गए। (संवाद)
वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक ने स्टेशन पर परखा परिचालन व्यवस्था का हाल
उरई। झांसी मंडल की वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सीमा तिवारी ने शुक्रवार को उरई रेलवे स्टेशन पहुंचकर परिचालन व्यवस्था और ट्रेन मूवमेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल कर्मचारियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। डिप्टी स्टेशन अधीक्षक पीके निरंजन ने उन्हें स्टेशन पर स्टाफ की कमी से अवगत कराया, जिस पर उन्होंने जल्द रिक्त पदों को भरने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन अधीक्षक राजीव कौशिक मौजूद रहे। (संवाद)
डेक्कन एक्सप्रेस के पांच अतिरिक्त फेरे बढ़े
उरई। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेल प्रशासन ने हैदराबाद-गोरखपुर डेक्कन एक्सप्रेस के फेरों में वृद्धि की है। झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि हैदराबाद-गोरखपुर डेक्कन एक्सप्रेस (07075) का संचालन प्रत्येक शुक्रवार को 26 जून से 31 जुलाई तक पांच अतिरिक्त फेरों के साथ किया जाएगा। वहीं, ट्रेन संख्या गोरखपुर-हैदराबाद डेक्कन एक्सप्रेस (07076) प्रत्येक रविवार को 28 जून से 2 अगस्त तक पांच अतिरिक्त फेरों के साथ चलेगी। इससे यात्रियों को हैदराबाद, विजयवाड़ा और नागपुर के लिए सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा। (संवाद)