उरई। घर में एक किशोरी ने दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह और उसकी मां घटना के वक्त घर पर अकेली थी। सुबह काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर मां ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा तो किशोरी का शव फंदे पर लटका मिला। किशोरी के पिता की मौत हो चुकी है आई भाई दूसरे प्रांत में नौकरी करता है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे उतराकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा। पुलिस को मां ने बताया कि किशोरी काफी समय से मानसिक रूप से बीमार थी।
रेढ़र थानाक्षेत्र के ग्राम कुठौंद निवासी आराधना (17) पुत्री स्व. अच्छेलाल ने सोमवार रात कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह उसकी मां की आंख खुली तो वह घर का कामकाज निपटाने लगी। काफी देर तक आराधना जब कमरे से बाहर नहीं निकली तो उसे शक हुआ। वह काफी देर तक दरवाजा खटखटाती रही लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इस पर उसने पड़ोसियों को बुलाकर कमरे का दरवाजा तोड़ डाला। कमरे में आराधना को फंदे से लटका हुआ देख सभी के होश उड़ गए।
इसी बीच ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा। पुलिस को आराधना की मां ने बताया कि वह और आराधना घर पर अकेले रहती थीं। उनके पति की काफी समय पहले मौत हो गई थी और इकलौता बेटा अहमदाबाद में एक फैक्ट्री में नौकरी करता है। आराधना पिछले काफी समय से मानसिक रूप से बीमार रहती थी। इसके चलते उसने आत्महत्या की है।