कोंच। भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत में भदारी में प्रतीक्षालय न बनने पर किसान नेताओं ने नाराजगी जताई। इसके साथ ही अन्य समस्याओं का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा है।
मंगलवार को नवीन गल्ला मंडी परिसर स्थित किसान भवन पर किसानों की मासिक पंचायत हुई। इसमें बिजली की बढ़ी हुई दरें खत्म करके पुरानी दरें लागू करें। तीतरा गांव की गोशाला में भूसे की समस्या, फसल बीमा खाते में भेजे जाने आदि समस्या उठाई। बैठक में नए किसान पंजीकरण को कृषि विभाग की ओर से जल्द प्रक्रिया में शामिल करने, हरी मटर की तुलाई के दौरान घटतौली रोकने की मांग की।
किसानों से पल्लेदारी के एवज में प्रति झल्ली 15 रुपये वसूले जा रहे हैं और पल्लेदारों को 11 रुपये ही दिए जा रहे हैं। पिछले वर्ष प्रति झल्ली एक किग्रा वजन काटा जाता था लेकिन इस वर्ष दो किलोग्राम वजन काटा जा रहा है। भाकियू पदाधिकारियों ने पंचायत में मौजूद किसानों से आगामी 14 से लेकर 18 जनवरी तक प्रयागराज में होने वाली महा पंचायत में शामिल होने के लिए अपील की। पंचायत में तहसील अध्यक्ष चतुर सिंह पटेल, महासचिव डॉ. पीडी निरंजन पचीपुरा, जितेंद्र पटेल कुंवरपुरा आदि मौजूद रहे।
पंचायत के बाद भाकियू पदाधिकारियों ने एसडीएम कृष्णकुमार सिंह को ज्ञापन देकर इन समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराए जाने की मांग की।