कोंच। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पनयारा में रविवार की रात चोरों ने एक किसान के घर से लाखों रुपये कीमत के जेवरात व अन्य सामान पार कर दिया। इसी गांव के तीन घरों में भी चोरी की कोशिश की गई लेकिन चोर सफल नहीं हुए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
रविवार की रात ग्राम पनयारा में चोर शिवशंकर पटेल के घर में दीवार फांदकर घुस गए और कमरे में रखे बक्से तथा ट्रॉली बैग उठाकर मेन गेट का दरवाजा खोलकर बाहर निकल गए। सुबह परिवार को चोरी की जानकारी हुई। शिवशंकर ने बताया कि चोर सोने का एक हार, बड़ा मंगलसूत्र, चार सोने की चूड़ी, तीन सोने की अंगूठी, पांच नाक की कीले, पांच जोड़ी पायल, चांदी का बिछुआ, दो चांदी की चूड़ी, दस सिक्के चांदी के तथा लगभग डेढ़ सौ ग्राम चांदी के बिछिया ले गए हैं। वहीं चोरों ने गांव के सेवानिवृत्त लेखपाल हमीर सिंह, मंगल सिंह दद्दू, हरीमोहन याज्ञिक तथा शिवशंकर के घरों में घुसने की कोशिश की। तीन घरों में सफलता नहीं मिली। शिवशंकर ने चोरी की तहरीर थाने में दी है।
पुलिस ने भी मौके पर जाकर निरीक्षण किया है। कोतवाल इमरान खान ने बताया कि किसी नजदीकी का काम भी हो सकता है। जल्द ही चोरी का खुलासा होगा।