कोंच। बुंदेलखंड में अपना जनाधार बनाने में जुटी आम आदमी पार्टी के देवली के विधायक प्रकाश जारवाल ने ग्राम अंडा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान मोदी पर जमकर निशाना साधा। आरोप लगाते हुए कहा कि तीन नए कृषि कानून लाद कर मोदी सरकार देश के सत्तर करोड़ किसानों को बर्बाद करने पर आमादा है। भाजपा अब किसान को किसान से लड़वाने के कुचक्र रच रही है। कहा कि आप किसानों के साथ है और कृषि कानूनों के विरोध में लड़ाई को जारी रखेगी।
विधायक प्रकाश जारवाल पार्टी के झांसी मंडल के प्रभारी भी हैं। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव में पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में होगी और अपने प्रत्याशी लड़ाएगी। कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा की नाकामियों को आम जनता के बीच जाकर बताएं और आप के पक्ष में माहौल तैयार करें। इस मौके पर रामकिशोर खरे, जिलाध्यक्ष दीनदयाल काका, विक्रम सिंह, चतुर्भुज अग्रवाल, श्रीराम दुबे, भाईजी परिहार, मोहन सोनी, सौरभ पटेल, सुरेश भइयाजी, हरिराम, माया, अरविंद यादव, आनंद बाबू जी, श्यामजी नामदेव आदि मौजूद रहे।