अंधाधुंध कटौती के खिलाफ शनिवार को गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों में गांव में बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि गर्मी मेें रोस्टर के मुताबिक बिजली सप्लाई नहीं हो रही है। जिससे पानी का संकट गहरा रहा है। 24 में 8 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। ग्रामीणों ने डीएम संदीप कौर को शिकायती पत्र देकर
कटौती बंद करने की मांग की है। गौरतलब है कि गर्मी को देखते हुए शहरी व ग्रामीण इलाकों के लिए जो रोस्टर तैयार किया गया है, उसकेे अनुसार आपूर्ति नहीं की जा रही है। बिजली की आवाजाही से ग्रामीणों का बुरा हाल है। माधौगढ़ क्षेत्र केे गांव सरावन व इससे जुडे़ मजरों में बिजली का संकट है। हालात यह है कि गांव में 8 घंटे भी बिजली की सप्लाई नहीं हो रही हैं,
जिससे पानी का संकट बढ़ गया है। इसके अलावा मोबाइल चार्ज न होने की वजह से लोगों का भी संपर्क एक दूसरे से अक्सर कट जाता है। वहीं, गांव की आटा चक्कियां भी नहीं चल पा रही हैं। गांव निवासी नरेंद्र सोनी, मुन्ना मंसूरी, रियाज मुहम्मद, अरविंद स्वर्णकार, संतोष शिवहरे, कमलापत कुशवाहा, ओमप्रकाश शर्मा, कैप्टन मास्टर सिंह, करन सिंह, आशिक अली
आदि ने इस समस्या को लेकर आक्रोश जताया और मेन चौराहे पर एकत्र होकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। इसके साथ ही अफसरों पर उदासीनता का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने डीएम संदीप कौर को शिकायती पत्र देकर बिजली आपूर्ति सुधरवाने की मांग की है।