जिला न्यायालय में एक युवक से पूछताछ करते एसपी सतीश कुमार
- फोटो : ORAI
उरई। बिजनौर में सीजेएम कोर्ट में कुख्यात अपराधी की गोली मारकर की गई हत्या के बाद से जिले में न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। इसे लेकर जजी परिसर में सीसीटीवी कैमरे व आने जाने वालों के लिए मेटल डिटेक्टर लगवाया गया है। एसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ सोमवार को जिला जजी पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसपी डा.सतीश कुमार ने पुलिस अधिकारियों के साथ सोमवार की दोपहर जिला जजी परिसर पहुंचकर न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और उन्होंने कर्मचारियों व वकीलों से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने जजी परिसर में घूमकर स्थिति का जायजा लिया और कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे। फिर जिला जजी परिसर में लगे मेटल डिक्टेटर को देखा और वहां लगे कर्मचारियों से पूछताछ भी की।
वहीं जिला जजी परिसर में डॉग स्क्वाड टीम ने भी सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर संदिग्धों की चेकिंग की और ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जजी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए किसी भी तरह की लापरवाही न की जाए। संदिग्धों पर विशेष नजर रखें। पूछताछ व तलाशी के बाद ही लोगों को अंदर प्रवेश कराएं। इस दौरान एएसपी अवधेश सिंह, सीओ संतोष कुमार, कोतवाल शिवगोपाल सिंह सहित पुलिस फोर्स मौजूद रहा।