उरई। कानपुर जोन की पुलिस फुटबॉल मैच प्रतियोगिता के अंतिम दिन शुक्रवार को नौ जिलों के महिला व पुरुष पुलिस कर्मी के बीच मैच खेला गया।
महिला में विजेता कानपुर देहात व पुरुष वर्ग में कानपुर नगर की टीम ने बाजी मारी। विजेता टीमों को एसपी रवि कुमार ने सम्मानित किया।
इंदिरा स्टेडियम में खेली जा रहे कानपुर जोन पुलिस की तीन दिवसीय 25वीं अंतर्जनपदीय महिला व पुरुष फुटबॉल मैच प्रतियोगिता में जालौन, झांसी, ललितपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौज, औरैया, फतेहगढ़, इटावा की पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया।
शुक्रवार को पुरुष फाइनल मैच कानपुर नगर व जालौन की टीम के बीच हुआ। इसमें कानपुर की टीम तीन गोल से विजयी हुई। महिला फाइनल मैच कानपुर देहात व जालौन के बीच हुआ, जिसमें कानपुर देहात की टीम एक गोल से मैच जीत गई।
समापन के दौरान एसपी रवि कुमार ने विजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल, प्रशस्तिपत्र, ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इसी के साथ कानपुर जोन पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन हुआ। इस दौरान एएसपी असीम चौधरी, प्रतिसार निरीक्षक पारस नाथ सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।