उरई। लखनऊ व प्रयागराज में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद जिला प्रशासन सतर्क है। शासन के निर्देश पर शनिवार को डीएम डॉ. मन्नान अख्तर व एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने सरकारी अमले के साथ शहर में स्थित देसी और विदेशी मदिरा की दुकानों पर औचक निरीक्षण किया।
टीम सबसे पहले शहर के बघौरा रोड स्थित देसी शराब की दुकान पर छापा मारा। इस दौरान वहां पर रखी शराब बोतल, स्टाक रजिस्टर, व बिक्री रजिस्टर को चेक किया। इसके बाद जिला परिषद स्थित विदेशी मदिरा की दुकान, कालपी बस स्टैंड पर अंग्रेजी व देसी शराब की दुकान आदि का निरीक्षण किया। हालांकि निरीक्षण में किसी भी दुकान पर नकली व अन्य प्रांतों की शराब नहीं मिली। पुलिस और प्रशासन की इस कार्यवाही से शराब ठेकेदारों व दुकानों पर बैठे एजेंटों में हड़कंप मच गया।
सेल्समैनों पर लगाया एक एक हजार का जुर्माना
माधौगढ़। शनिवार दोपहर एसडीएम सालिकराम, सीओ वीरेंद्र श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार चंद्रकांत तिवारी, आबकारी इंस्पेक्टर नसीर खान, कोतवाल वीएल यादव ने कस्बा स्थित छह शराब ठेका का निरीक्षण किया। जिसमें देसी शराब ठेका नंबर एक व तीन में सेल्समैन ठेका पर न सैनिटाइजर रखे थे और न ही कोई मास्क लगाए था। साथ ही ठेका में गंदगी भी दिखी। इसे लेकर अधिकारियों ने ठेका नंबर एक के सेल्समैन परमार सिंह, ठेका तीन के सेल्समैन संजय पर एक एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही सभी ठेका के सैंपल लिए गए।
रामपुरा संवाद न्यूज एजेंसी के अनुसार आबकारी इंसपेक्टर नासिर खान, एसडीएम सालिकराम, एसओ राजीव कुमार व थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा की मौजूदगी में आबकारी विभाग की टीम ने अंग्रेजी व देसी शराब की दुकानों का निरीक्षण किया। दुकानों से शराब के नमूने भी लिए गए।
आटा में शराब बनाते महिला गिरफ्तार
आटा। थाना क्षेत्र के अकबरपुर इटौरा में अवैध शराब बनाते महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर दिया। पुलिस के अनुसार महिला रुकसार कई दिनों से खेतों पर भट्टी लगाकर शराब बना रही थी। सूचना पर टीम ने छापेमारी की, जिसमें करीब 200 लीटर लहन व 20 लीटर शराब को मौके पर नष्ट करा दिया साथ ही भटट्ी तोड़ दी गई।
कबूतरा डेरा 30 लीटर अवैध शराब पकड़ी
कोंच। आबकारी निरीक्षक मनोज कुमार यादव ने तहसीलदार राजेश विश्वकर्मा के साथ शनिवार को महेशपुरा रोड स्थित कबूतरा डेरा पर छापा मारा, जिसमें मौके से 30 लीटर कच्ची शराब बरामद की दो हजार किलोग्राम लहन नष्ट किया। इस दौरान इंसपेक्टर क्राइम उदयभान गौतम, एसआई धर्मेंद्र सिंह, सिपाही अनूपकुमार, आशीष तिवारी, महिला सिपाही मधु, चालक मनोज कुमार सहित टीम मौजूद रही। (संवाद)
आटा पुलिस लहन नष्ट करती- फोटो : ORAI
अकबरपुर इटोरा में शराब की भट्टी तोड़ता पुलिसकर्मी- फोटो : ORAI