-कदौरा में नारेबाजी करते रोजगार सेवक।
- फोटो : amarujala
कदौरा। चार माह से मानदेय न मिलने से रोजगार सेवकों के सब्र का बांध शुक्रवार को टूट गया और उन्होंने ब्लाक कार्यालय पहुंचकर कार्य बहिष्कार कर नारेबाजी की।
रोजगार सेवकों ने कहा कि जिम्मेदारी पूर्वक काम करने के बाद भी उन्हें जायज हक नहीं मिल रहा है। अधिकारी सब कुछ जानने के बाद भी अनजान बने हुए हैं। शुक्रवार को रोजगार सेवक संघ के ब्लाक अध्यक्ष अवध किशोर पाल के नेतृत्व रोजगार सेवक ब्लाक कार्यालय पहुंचे और विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी की। कहा गया कि चार माह से रोजगार सेवकों को मानदेय नहीं मिला है। मानदेय न मिलने की वजह से रोजगार सेवक कई समस्याओं से जूझ रहे हैं।
इसके बाद बीडीओ अशोक कुमार को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि यदि जल्द ही उक्त मांगें न मानी गईं तो वह सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे। वहीं, बीडीओ ने कहा कि मानदेय के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। जैसे ही बजट आ जाएगा, तुरंत ही मानदेय का भुगतान करा दिया जाएगा।