मुहम्मदाबाद। छत के रास्ते किसान के घर में घुसे चोरों ने अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर नकदी और जेवर पार कर दिया।
दूसरे कमरे में सो रहे परिजनों को सुबह घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। गृहस्वामी ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने चोरी गए माल की कीमत लाखों में बताई है।
डकोर कोतवाली क्षेत्र के कुसमिलिया गांव निवासी किसान मइयादीन प्रजापति रविवार की रात परिजनों के साथ खाना खाकर अपने कमरे में सोने चले गए।
देर रात छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने कमरे की कुंडी खोलकर बक्सों और अलमारी के ताले तोड़ दिए।
चोरों ने दो जोड़ी पायल, सात जोड़ी मीना, कमरबंद, सोने की चूड़ियां, चैन, चार हजार रुपये सहित लगभग दो लाख का सामान पार कर दिया।
सुबह जब परिजन जागे तो बगल के कमरे में बिखरा सामान और बक्सा गायब देख उनके होश उड़ गए। पड़ोसी की छत पर किसान का बक्सा पड़ा मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। मइयादीन ने बताया कि उसकी बहू व बेटी के जेवरात रखे थे जो चोरी चले गए। किसान की तहरीर पर पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।