रामपुरा। दो दिन के अंदर बेखौफ चोरों ने नरौल गांव में दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की जेवर नकदी पार कर दी। सुबह जब गृहस्वामी सोकर जागे तो कमरों में बिखरा सामान व गायब जेवर नकदी देख सन्न रह गए। गांव में दो घरों में चोरी होने से ग्रामीणों में पुलिस के प्रति आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त न होने से चोर बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे देते हैं।
थाना क्षेत्र के नरौल गांव में शनिवार रात दीनदयाल शाक्यवार के घर में घुसे चोरों ने कमरे की कुंडी काटकर अलमारी में रखी एक लाख रुपये नकद, सोने के बाले, झालरपेटी, चांदी की पायल सहित लाखों के जेवर पार कर दिए। घटना के समय गृहस्वामी परिजनों के साथ दूसरे कमरे में सो रहे थे। सुबह जब गृहस्वामी जागे तो बिखरा सामान व गायब जेवर नकदी देख उनके होश उड़ गए। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई थी।
पुलिस को चुनौती देते हुए दूसरे दिन ही चोर रविवार रात गांव के ही रघुवीर पाल के घर में घुस गए और कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर दस हजार रुपये, सोने की मनचली, जंजीर व चांदी की पायल सहित अन्य सामान पार कर दिया। गृहस्वामी रघुवीर ने बताया कि जब उनके घर में चोरी हुई, तब घर वह अकेला था। पत्नी अपने मायके निनावली गई है। गांव में दो दिन के अंदर हुई दो चोरियों से ग्रामीण दहशत में हैं। लोगों का कहना है कि पहले भी चोरियां हो चुकी हैं। लेकिन पुलिस फिर भी रात के समय गश्त नहीं करती है। इससे चोर गांव में घटनाओं को आराम से चोरी कर लेते हैं। थाना प्रभारी संजीव कटियार ने बताया कि नरौल गांव में चोरी की घटनाओं को लेकर तहरीर प्राप्त हुईं हैं। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।