दयानंद वैदिक महाविद्यालय में तीन दिवसीय अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स
प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। पहले दिन मंगलवार को बुंदेलखंड
विश्वविद्यालय के 30 महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
इसमें प्रतिभागियों ने दौड़, पैदल चाल और भाला फेंक प्रतियोगिता में अपना
दमखम दिखाया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डा.
तारेश भाटिया ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर और फीता काटकर
किया। इस दौरान मुख्य अतिथि सचिव डा. देवेंद्र कुमार के अलावा अन्य
अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इसके बाद प्रतियोगिता शुरू
हुई। इसमें प्रतिभागियों ने पूरा दमखम दिखाया। 5000 मीटर पुरुष दौड़ में जय
विक्रम सिंह ने सभी को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान पाया। इसके अलावा
नितेंद्र कुमार द्वितीय व दिनेश कुमार को तीसरा स्थान मिला। इसी तरह 5000
मीटर महिला दौड़ में कल्पना ने प्रथम व पूजा ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
वहीं भाला फेंक में वर्षा कुशवाह ने पहला स्थान पाया।दीक्षा सिंह को
द्वितीय व रीता को तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। वहीं
भाला फेंक पुरुष
वर्ग में अनुज कुमार ने पहला, राजकुमार ने दूसरे स्थान पर कब्जा किया। इसके
अलावा 800 मीटर दौड़ में कविता प्रथम, मंजू द्वितीय स्थान पर रहीं। 800
मीटर पुरुष दौड़ में राहुल प्रथम, नितिन द्वितीय व रणवीर तृत्तीय स्थान पर
रहे। 5000 मीटर पैदल चाल महिला वर्ग में रंजना ने पहला, दिशा शुक्ला ने
दूसरा तथा सौम्या ने तीसरा स्थान हासिल
किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि
देवेंद्र कुमार ने कहा कि प्रतियोगिताओं से मानसिक विकास होता है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम आयोजक डा. राजन भाटिया की
तारीफ की। साथ ही कहा कि अन्य महाविद्यालयों को इससे प्रेरणा लेकर इस तरह
की प्रतियोगिता आयोजित करानी चाहिए। इस मौके पर डा. आर के गुप्ता, डा. आनंद
खरे, डा. नीलम मुकेश, डा. अलका रानी पुरवार, डा. मंजू, डा. राजेंद्र
गुप्ता व डा. शैलजा गुप्ता आदि मौजूद रहे।