माधौगढ़। तहसील परिसर पर संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील दिवस डीएम डा. मन्नान अख्तर की अध्यक्षता व एसपी यशवीर सिंह की मौजूदगी में हुआ। जिसमें 66 शिकायतें आई। सात का निस्तारण कर दिया गया।
तहसील परिसर पर आयोजित तहसील दिवस में जसुआपुर निवासी बनवारीलाल ने शिकायत दी कि पिता की मृत्यु जनवरी में हो गई है। अभी तक दाखिल खारिज नहीं किया गया है। राठौरनपुरा निवासी सरला देवी ने बताया कि पैतृक जमीन पर पड़ोसी महेश, राहुल कब्जा करने में जुटे है। सिलउआ के हरकिशुन ने शिकायत की कि बीस वर्ष से अपनी जगह पर घूरा डाल रहे थे। पड़ोसी कब्जा करने की नीयत से झगड़े पर आमादा है। महाराजपुरा के आधा सैकड़ा जॉबकार्ड मजदूर पान सिंह की अगुवाई में शिकायत दी कि जांच कमेटी द्वारा सही जांच नहीं की गई है। सक्षम अधिकारी से जांच कराई जाए।
एक भी समस्या का नहीं हुआ मौके पर निस्तारण
कालपी। संपूर्ण समाधान दिवस में 79 शिकायतें आई। जिसमें जमीन, पुलिस तथा पानी की समस्याओं के मामले सबसे ज्यादा थे। मौके पर एक भी मामला नहीं निपटा।
एएसपी डा. अवधेश सिंह की मौजूदगी में गर्रेही निवासी बलराम ने सरकारी जमीन मे दबंगों के द्वारा अवैध कब्जे तथा अतिक्रमण की शिकायत उठाई। बैरई की रामश्री ने पड़ोसी किसान पर सिंचाई की रुपये न देने की शिकायत की। श्रीराम, करन सिंह आदि बिजली समस्या उठाई। एनुल हसन ने नगर में गंदगी, खराब हैंडपंपों, आवारा पशुओं के विचरण का मुद्दा उठाकर निदान की मांग की।
समाधान दिवस में भी दिखा, तहसीलदार का विरोध
कोंच। तहसील परिसर में नए बने टिन शेड के नीचे संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। यहां भी तहसीलदार के खिलाफ भाजपाइयों नेे अपना धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसके चलतेे संपूर्ण समाधान दिवस तहसील सभागार में कराना पड़ा। इस दौरान कुल 31 प्रार्थनापत्र आए जिन्हें एक सप्ताह में निस्तारित करने के निर्देेशों के साथ संबंधित विभागों के अधिकारियों को देे दिया गया।